Rajasthan Desk, चित्तौड़गढ़: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में सोमवार रात पारिवारिक विवाद के चलते एक सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड सामने आया है। दो शादियां कर चुके एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, जिसके बाद गुस्से में आए उसके बेटे ने पिता पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी भी हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में पिता की लिव-इन पार्टनर भी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
पढ़िए पूरी खबर
यह पूरा मामला गंगरार थाना क्षेत्र के सुवाणियां गांव का है। पुलिस के अनुसार, भैरूसिंह जी का खेड़ा निवासी भगवान लाल (55) ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी लाडू से दो बेटियां और दूसरी पत्नी भोमली से दो बेटे व दो बेटियां हैं। भगवान लाल कुछ समय से अपनी दोनों पत्नियों को छोड़कर सुवाणियां गांव में 35 वर्षीय तारा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में खेत पर रह रहा था।
सोमवार रात करीब 9 बजे परिवार के लोग खेत पर पहुंचे और भगवान लाल से घर लौटने की जिद करने लगे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और गाली-गलौज शुरू हो गई। गुस्से में आकर भगवान लाल ने अपनी दूसरी पत्नी भोमली पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मां की हत्या से आक्रोशित 22 वर्षीय बेटे अनिल ने पास पड़ी लाठी उठाई और पिता भगवान लाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से भगवान लाल की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची भगवान लाल की लिव-इन पार्टनर तारा भी अनिल के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही गंगरार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गंगरार डीएसपी उदय सिंह चुंडावत ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पुलिस यह भी खंगाल रही है कि यह विवाद अचानक भड़का या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


