अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में सोमवार देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक चिकन शॉप संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
रज्जन कहार की मौत
जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी रज्जन कहार अपनी चिकन दुकान पर मौजूद था, इसी दौरान नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर किया, इसके बाद रज्जन कहार पर दो गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल रज्जन को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। फिलहाल गोली चलाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
निजी कंपनी में कार्यरत स्थानीय युवक पर संदेह
सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में एक निजी कंपनी में कार्यरत स्थानीय युवक पर संदेह जताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसी क्षेत्र में पूर्व में भी जय अंबे कंपनी परिसर में फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यदि समय रहते अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामलों में और बढ़ोतरी हो सकती है। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

