कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में जाटवपुरा के पास बनी खदान में पानी के अंदर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। खास बात ये है कि शव की शर्ट के अंदर भारी पत्थर भरे हुए थे,जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
शर्ट के अंदर भारी पत्थर भरे हुए थे
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित जाटवपुरा के पास बनी खदान में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की शर्ट के अंदर भारी पत्थर भरे हुए थे।
हत्या कर शव को पानी में डुबोने की कोशिश
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को पानी में डुबोने की कोशिश की गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात युवक की पहचान करने और मौत के पीछे की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।

