कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। महिलाओं से दोस्ती, फिर कथित तौर पर उनके साथ शारीरिक संबंध और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है, शिकायत लेकर एक महिला आधी रात के बाद थाने पहुंची, तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में आरोपी युवक के मोबाइल की जांच में 40 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने की चर्चा हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

शारीरिक संबंध बनाते हुए वीडियो रिकॉर्ड

दरअसल मामला ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र का है। मूल रूप से झांसी की रहने वाली एक महिला रात करीब 12 बजे थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों का इंतजार करती रही। महिला के आरोप के मुताबिक कि सिटी सेंटर स्थित न्यू सारिका विहार में रहने वाले योगेश गुप्ता से उसकी दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

हिंदूवादी संगठन ने पुलिस के हवाले किया

योगेश गुप्ता को हिंदूवादी संगठन राष्ट्रीय सनातन सेना के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया था, इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की।पुलिस के मुताबिक मोबाइल की गैलरी खंगालने पर 40 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले। इनमें कुछ वीडियो ऐसे भी बताए जा रहे हैं,जिनमें आरोपी महिलाओं के साथ उनके छोटे बच्चों के सामने अश्लील हरकत और बातचीत करता नजर आ रहा है।यह जानकारी भी मिली है कि आरोपी हिडन स्पाई कैमरों औऱ डिवाइसेज के जरिये यह रिकॉर्ड करता था।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही

राष्ट्रीय अध्यक्ष सनातन सेना भगवती शुक्ला ने कहा- मामले में पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरोपी के मोबाइल में मिले ये वीडियो किन-किन महिलाओं के हैं और इन्हें किस परिस्थिति में रिकॉर्ड किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य पीड़िताओ के सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे पीड़िताएं सामने आएंगी, मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कितनी महिलाएं इसकी शिकार हुई

CSP रॉबिन जैन ने बताया-एक महिला की शिकायत से शुरू हुई इस जांच में मोबाइल से 40 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने का दावा किया गया है। अब जांच का दायरा बढ़ गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर इन वीडियो के पीछे पूरा मामला क्या है और कितनी महिलाएं इसकी शिकार हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m