दीपक कौरव, नरसिंहपुर। जिले के जनपद पंचायत चांवरपाठा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कौड़िया में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर हुई भर्ती प्रक्रिया गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। नियमों को ताक पर रखकर चयन करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित आवेदिका ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
कौड़िया गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसमें स्थानीय पांच युवतियों ने आवेदन किया था। जारी की गई मेरिट लिस्ट में खुशबू मेहरा का नाम दूसरे नंबर पर था। भर्ती नियमों के अनुसार, यदि पहले स्थान पर चयनित उम्मीदवार नौकरी ज्वाइन नहीं करती है, तो स्वतः ही दूसरे नंबर के उम्मीदवार को नियुक्ति दी जानी चाहिए। कौड़िया केंद्र पर भी यही स्थिति बनी, जहां पहले नंबर पर चयनित युवती ने नौकरी ज्वाइन नहीं की। नियमानुसार इस पद पर खुशबू मेहरा की नियुक्ति होनी तय थी, लेकिन आरोप है कि अधिकारियों ने उनकी उपेक्षा करते हुए सूची में पांचवें नंबर पर आई एक अन्य युवती को नियुक्ति दे दी।
बैंक कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल से कामकाज ठप: लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
कलेक्टर का आश्वासन
इस मनमानी और धांधली से परेशान होकर खुशबू मेहरा ने न्याय के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की है। वहीं, जब इस पूरे मामले को लेकर जिले की कलेक्टर के संज्ञान में लाया गया, तो उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दूसरे नंबर की काबिल उम्मीदवार को उसका हक कब मिलता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



