रायपुर। कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को कोर्ट से झटका लगा है। शोएब ढेबर की जमानत याचिका डीजे कोर्ट (जिला एवं सत्र न्यायालय) ने खारिज कर दी है। बता दें कि न्यायालय से जमानत याचिक खारिज होने के बाद आरोपी की ओर से पुनर्विचार याचिका दायर की गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है।

पुलिस ने इनाम किया घोषित

वहीं आज फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आरोपी की सूचना देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर (26 वर्ष) रायपुर के पाम बेलाजियो, विधानसभा रोड, पंडरी का निवासी है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत BNS की धारा 308(4), 351(3), 351(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर

शोएब ढेबर के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। सूचना ACP सिविल लाइंस- 94252-62002, तेलीबांधा थाना प्रभारी- 99074-71911 और निरीक्षक सतीश सिंह- 94061-17235 पर दी जा सकती है। फिलहाल, पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

क्या है मामला?

यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और प्रार्थी, उसके बेटे व परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 27 सितंबर को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए थे। उसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी।

बाद में पुलिस ने मामले के आधार पर नियमित अदालत में 28 सितंबर को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से पुलिस शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H