शिखिल ब्यौहार, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश में एक महीने तक ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसे लेकर सरकार समेत संगठन ने तैयारी भी शुरू कर दी हैं। मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। बीजेपी का मानना है कि पीएम मोदी की 25 साल की यात्रा सत्ता की नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी संवैधानिक यात्रा आज ऐतिहासिक पड़ाव पर है।
पीएम के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में उनकी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के दौरान प्रदेशभर में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान और जनसेवक महाकुंभ शामिल हैं। सीएम ने सभी मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में अभियान की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश इस अभियान में सुशासन और जन सहभागिता का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।
पीएम के जन्मदिन 17 सितंबर को उज्जैन के महाकाल महालोक में हजारों दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिन परियोजनाओं का लोकार्पण पीएम ने किया है, वहां भव्य कार्यक्रम होंगे। सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद या वड़नगर में होगी। स्कूलों में ड्राइंग-भाषण प्रतियोगिता, गांव-गांव में नुक्कड़ नाटक और आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं का सम्मान होगा। लाभार्थी अपनी “कहानी बदलाव की” साझा करेंगे। हर विधानसभा में सेवा सेतु शिविर लगाकर केंद्र-राज्य की योजनाओं से लोगों को जोड़ा जाएगा। साथ ही रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता और स्वास्थ्य शिविर भी लगेंगे।
समापन पर गिनीज रिकॉर्ड की तैयारी
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इसमें देशभर के सरपंच और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान वंदे मातरम के 6 छंदों के सामूहिक गायन से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। पीएम मोदी स्वयं संबोधित करेंगे और विकसित भारत का संकल्प दिलाएंगे।
मामले पर सियासत शुरू
पीएम मोदी की जन्मदिन पर आयोजनों को लेकर कांग्रेस में निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि बीजेपी सिर्फ इवेंट के लिए ही प्रसिद्ध है। बीजेपी और सरकार के कार्यकम की तारीफ तब होती जब बेरोजगार, किसान, महंगाई, शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर बात होती। सरकार मुद्दों से भटकने के लिए ऐसे कार्यक्रम कर रही है। उधर बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी सिर्फ भारत नहीं बल्कि विश्व के नेता हैं। जिन्होंने भारत को दुनिया में मान दिलाया। ऐसे नेता को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। पहले मोदी के जन्मदिन पर पखवाड़ा मनाया जाता था। इस बात पूरे एक माह तक जनता की सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम किए जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



