भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.

सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित है. इसका उद्देश्य सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है.

अभियान को लेकर सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह उपस्थित रहे. कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा अभियान के जिला संयोजक व सहसंयोजक शामिल हुए.

सक्सेस स्टोरी तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं से लोगों की जिंदगी में आए बदलाव की सक्सेस स्टोरी के रूप में जन-जन तक पहुंचाने का अभियान बनाया जाए. हर शक्ति केंद्र, हर बूथ और हर क्षेत्र में ऐसी दर्जनों कहानियां मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेश के प्रत्येक चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फल वितरण किया जाएगा. प्रत्येक जनपद में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण के बड़े शिविर आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करने और उनकी वास्तविक कहानियों को समाज के सामने रखने का आह्वान किया.

सेवा और संकल्प की राजनीति

राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सबसे बड़ी विशेषता सत्ता नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और परिणाम की राजनीति रही है. उन्होंने पीपीटी के माध्यम से अभियान के 13 प्रकार के कार्यक्रमों की जानकारी दी.

आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के तहत लगभग 1.77 लाख बूथों पर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. सपनों का भारत कार्यक्रम में विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प पर गतिविधियां और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी.

उपलब्धियों से आगे अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य उपलब्धियों को गिनाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में आए परिवर्तन की कहानियों को समाज के सामने रखना है. युवाओं से तब और अब की तुलना के माध्यम से बिजली, सड़क, कानून-व्यवस्था, निवेश और रोजगार के बदलावों को सामने रखा जाए.

वंचित वर्ग पर जोर

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के कार्यों को रेखांकित किया.

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अभियान के कार्यक्रमों का विस्तार से उल्लेख किया. इनमें आशीर्वाद का दिया, ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिता, नमो सेवा गाथा, नुक्कड़ नाटक, आंगन का उत्सव, सक्सेस स्टोरी रील, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु शिविर, इनोवेशन चैलेंज और पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन शामिल हैं.