पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आज देवभोग विकासखंड के ग्राम खोकसरा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मौजूद अतिथि एक-एक करके संबोधन कर रहे थे। संबोधन की लिस्ट में पूर्व भाजपा विधायक गोवर्धन मांझी का नाम नहीं था, उन्हें अहसास होते ही माइक थामा, थोड़ी नाराजगी जाहिर किए और फिर समस्या गिनाना शुरू कर दिए।
पूर्व विधायक मांझी ने कहा कि हमने अब तक बेलाट नाला पर पुलिया का निर्माण नहीं करवा पाया, झाखरपारा में जिला सहकारी बैंक नहीं खोल पाए, ओडिशा के सीमा से गुजरने वाली इंद्रावती नदी से सिंचाई सुविधा दिलाने में भी असमर्थ रहे। ऊपर से ब्लॉक में कई जिम्मेदार विभाग के अफसर नदारद रहते हैं, ऐसे में सेवा सेतु की अवधारणा अधूरी रह जाएगी।


मंत्री बोले – प्रत्येक आवेदन की सुनवाई होगी
ढाई साल में पहली बार इस सरकार के कोई मंत्री जब इलाके में पहुंचे तो भीड़ भी भारी जुटी। हर कोई अपनी मांग और समस्या मंत्री के समक्ष रखना चाहता था। आवेदकों की भीड़ को रोकने मंत्री के मंच से पहले आवेदन लेने अफसर और पुलिस तैनात हो गए। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 25 साल से निरंतर राष्ट्र की सेवा दे रहे प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को सेवा सेतु के रूप में भी मनाया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक आवेदनों का निराकरण होगा। एक भी आवेदन कचरे की टोकरी में नहीं जाएंगे।

मंत्री ने मंच से अफसरों को निर्देश दिया कि आवेदन का निराकारण अगर नहीं हुआ है तो कारण और कब तक निराकृत होगा उसे आवेदक को बताया जाए। प्रत्येक आवेदन की निगरानी होनी चाहिए। मंत्री बघेल ने क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं की। ग्राम खोकसरा में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से गली काक्रीटीकरण, नवीन ग्राम पंचायत भवन, बोर खनन की स्वीकृति तथा अमृत सरोवर निर्माण से संबंधित घोषणाएं की गईं। वहीं ग्राम सागौन बाड़ी में नवीन ट्रांसफार्मर की स्वीकृति की भी घोषणा की। मंत्री ने सरकार की सभी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उपलब्धियों को गिनाया।
विभागीय स्टॉलों में दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने तथा पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री एवं लाभ का वितरण भी किया गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

