जगदलपुर। जगदलपुर का महारानी अस्पताल, जिस पर पूरे शहर और आसपास के हजारों लोगों की स्वास्थ्य सेवाएं निर्भर हैं, अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग के बीच जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल के विस्तार और उन्नयन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

मरीजों को मिलेंगी आधुनिक और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं

कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में महारानी जिला चिकित्सालय में कैंसर यूनिट, पैलिएटिव केयर यूनिट और डायलिसिस यूनिट के नए सिरे से विकास का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक नए भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां मरीजों को आधुनिक और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

NRC का होगा विस्तार

इसके अलावा अस्पताल में गायनी विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाला नया वार्ड, मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का भी विस्तार किया जाएगा। वहीं वर्षों पुराने वार्डों की मरम्मत और जर्जर भवन के आवश्यक सुधार कार्य भी किए जाएंगे।

एक ही स्थान पर मिलेगी बेहतर और अधिक सुविधाएं

अस्पताल के विभिन्न विभागों को जरूरत के अनुसार नए चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मरीजों को बेहतर और अधिक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। इन फैसलों से महारानी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनने की उम्मीद है और अब शहरवासियों को 10 किलोमीटर दूर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज नही जाना पड़ेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m