हिसार। हरियाणा में मई महीने में ही जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। राजस्थान से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेशभर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 2.9 डिग्री अधिक है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने मंगलवार, 19 मई को हरियाणा के 16 जिलों में लू (हीटवेव) का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में तेज गर्म हवाओं के साथ धूलभरी आंधी भी चल सकती है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

सोमवार को सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रोहतक में 45.2 डिग्री, हिसार में 44.4 डिग्री और नारनौल में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों को मई में ही जून जैसी तपिश का अहसास करा दिया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।