पलामू। नक्सल प्रभावित मनातू में एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मदन कुमार सुमन को सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी भरा पोस्ट सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल है और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी जा रही है।

मदन कुमार सुमन के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आया है, जिसमें उन्हें गोली मारने की बात कही गई है। अधिकारी को आशंका है कि धमकी का संबंध एक जमीन विवाद की न्यायिक सुनवाई से हो सकता है। इसी मामले में गुरुवार को दोबारा सुनवाई प्रस्तावित है।

धमकी के बाद कानूनी कार्रवाई की तैयारी

अधिकारी ने बताया कि मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर धमकी देने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे किसकी भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है।

मनातू में पहले भी BDO रहे हैं निशाने पर

मनातू क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों को धमकी का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2022-23 में भी BDO को टीएसपीसी संगठन की ओर से धमकी मिलने की बात सामने आई थी। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठन से जुड़े कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया था।

इससे पहले 1995 में तत्कालीन BDO भवनाथ झा को धमकी मिली थी और अगले ही दिन उनकी हत्या कर दी गई थी। इस पुराने घटनाक्रम के कारण मौजूदा धमकी को लेकर भी गंभीरता बढ़ गई है।

जंगलों से घिरा है इलाका, अफीम की खेती को लेकर भी रहा चर्चा में

मनातू प्रखंड मेदिनीनगर से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित है। इलाका लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है और चारों ओर जंगलों से घिरा हुआ है। पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र अफीम की खेती को लेकर भी चर्चा में रहा है। मनातू की सीमा बिहार के गया और झारखंड के चतरा जिले से लगती है।

पुलिस अब सोशल मीडिया पर सामने आए धमकी भरे पोस्ट की जांच के साथ-साथ इसके पीछे की वजह और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।