Shah Rukh Khan King: मुंबई। शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके विदेशी थिएट्रिकल राइट्स करीब 175 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। यह डील 18 मिलियन डॉलर यानी लगभग 175 करोड़ रुपये की बताई जा रही है।
फार्स फिल्म्स ने खरीदे ओवरसीज राइट्स
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘किंग’ के ओवरसीज राइट्स फार्स फिल्म्स ने खरीदे हैं। इसके लिए कंपनी ने करीब 18 मिलियन डॉलर की डील की है। इसे भारतीय फिल्मों के विदेशी वितरण से जुड़ी बड़ी मिनिमम गारंटी डील बताया जा रहा है। इससे पहले शाहरुख की ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों को विदेशों में यशराज फिल्म्स ने डिस्ट्रीब्यूट किया था। इस बार ‘किंग’ के लिए अलग डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर सामने आया है।
विदेशों में कमाई का बड़ा लक्ष्य
175 करोड़ रुपये की इस डील के बाद फिल्म के सामने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई का लक्ष्य भी होगा। रिपोर्ट में दिए गए अनुमान के मुताबिक, डिस्ट्रीब्यूटर को थिएटर से होने वाली ग्रॉस कमाई का करीब 50 फीसदी हिस्सा मिलता है। ऐसे में अपनी लागत निकालने के लिए फिल्म को विदेशों में लगभग 37 से 40 मिलियन डॉलर का कलेक्शन करना पड़ सकता है। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 350 से 375 करोड़ रुपये बैठती है।

‘पठान’ और ‘जवान’ के रिकॉर्ड पर रहेंगी नजरें
शाहरुख खान की पिछली दो बड़ी फिल्मों ‘पठान’ और ‘जवान’ ने विदेशी बाजारों में शानदार प्रदर्शन किया था। दोनों फिल्मों का ओवरसीज कलेक्शन करीब 400 करोड़ रुपये बताया जाता है। ऐसे में ‘किंग’ से भी इसी स्तर के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, फिल्म की असली कमाई रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से ही सामने आएगी।
सुहाना खान के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेंगे शाहरुख
‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जो इससे पहले शाहरुख खान के साथ ‘पठान’ बना चुके हैं। फिल्म की एक खास बात यह भी है कि इसमें शाहरुख की बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। इसके अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। एक्शन थ्रिलर के तौर पर तैयार हो रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

