अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मरीजों की जान बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ने वाली एंबुलेंस खुद एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। मरीज को छोड़कर लौट रही तेज रफ्तार एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से टकराकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक को चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त एंबुलेंस में कोई मरीज सवार नहीं था।

ये भी पढ़ें : प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत, 10 गंभीर रूप से घायल

चरहेट पोड़ी तिराहे के पास हुआ हादसा

घटना शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत चरहेट पोड़ी तिराहे के पास की है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस मरीज को छोड़कर वापस लौट रही थी, इसी दौरान रफ्तार तेज होने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया, चालक संभल पाता उससे पहले ही एंबुलेंस सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई और पलट गई, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक को चोटें आई हैं। हालांकि, उसे कितनी गंभीर चोटें आई हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें: मंडीदीप में महिलाओं के बीच खूनी संघर्ष! लाठी-डंडों से मारपीट का VIDEO वायरल, जांच में जुटी पुलिस

बड़ा टला हादसा, मरीज न होना रही बड़ी राहत

इस दुर्घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि एंबुलेंस में उस समय कोई मरीज मौजूद नहीं था। अगर वाहन में कोई गंभीर मरीज या अन्य व्यक्ति सवार होता तो उसकी जान पर भी खतरा पैदा हो सकता था। वहीं यात्री प्रतीक्षालय के पास हादसा होने से वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। फिलहाल एंबुलेंस के अनियंत्रित होकर पलटने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। तेज रफ्तार, वाहन पर नियंत्रण खोना या कोई तकनीकी खराबी हादसे की वजह रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m