अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अमलाई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह शादी-समारोहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बिना लॉक वाली बाइकों को मिनटों में ‘डायरेक्ट कनेक्शन’ कर उड़ा ले जाता था। पुलिस ने इनके कब्जे से बुलेट और यामाहा जैसी 7 लग्जरी बाइक बरामद की हैं। इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से एक आरोपी की तलाश गुजरात के मंदिर में हुई चोरी के लिए पुलिस पहले से ही कर रही थी।
ये भी पढ़ें: फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी! पूर्व सरपंच व कांग्रेस नेता पर गंभीर आरोप, एसपी से की शिकायत
शादियों में रेकी और मिनटों में ‘डायरेक्ट कनेक्शन’
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के निशाने पर मुख्य रूप से शादी-पार्टी और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम होते थे। गिरोह के सदस्य कार्यक्रम स्थलों के बाहर खड़ी ऐसी बाइकों की रेकी करते थे, जो बिना लॉक के खड़ी होती थीं।
तकनीकी रूप से शातिर ये चोर बिना चाबी के ही बाइक के तारों को आपस में जोड़कर (डायरेक्ट कनेक्शन) गाड़ी स्टार्ट कर लेते थे और पलक झपकते ही मौके से रफूचक्कर हो जाते थे। इस पूरे खेल में पकड़े गए आरोपी अमन तिवारी की भूमिका सबसे अहम थी, जो तकनीकी रूप से बाइक स्टार्ट करता था, जबकि दीपू सिंह उसका साथ देता था।
चोरी की बाइक सीधे गैराज में, बदले जाते थे पार्ट्स
चोरी की गई इन बाइकों को छिपाने और खपाने का तरीका भी बेहद चौंकाने वाला था। चोरी के तुरंत बाद इन वाहनों को सीधे गिरोह के मास्टरमाइंड मंगेश सिंह के बाइक रिपेयरिंग गैराज में पहुंचा दिया जाता था। यहाँ शातिर चोर बाइकों के इंजन और अन्य कीमती पार्ट्स को निकालकर दूसरी पुरानी बाइकों में फिट कर देते थे और उन्हें बाजार में बेचकर मोटी कमाई करते थे।
अमलाई पुलिस ने दबिश देकर मास्टरमाइंड मंगेश के गैराज से 4 चोरी की बाइक बरामद की हैं, जबकि 3 अन्य बाइकें अलग-अलग ठिकानों से जब्त की गई हैं। बरामद वाहनों में बुलेट, स्कूटी, यामाहा आर-वन और सीडी डीलक्स शामिल हैं, जो बीते तीन महीनों में ओपीएम (OPM) कॉलोनी, बकहो और आसपास के इलाकों से चुराई गई थीं।
गुजरात के मंदिर से मूर्ति चोरी का आरोपी है मुख्य चोर
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पकड़ा गया मुख्य बाइक चोर अमन तिवारी पहले गुजरात के एक मंदिर से बेशकीमती प्रतिमा (मूर्ति) चोरी करने के मामले में भी जेल जा चुका है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
ये भी पढ़ें: शराब पीने के दौरान दोस्तों में विवाद: बोतल से वार कर उतारा मौत के घाट, जांच में जुटी पुलिस
2 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी अब भी फरार
मामले की जानकारी देते हुए अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि बाइक चोरी के इस रैकेट में अमन तिवारी और दीपू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, गैराज संचालक व गिरोह का मास्टरमाइंड मंगेश सिंह और उसका एक अन्य साथी नमन केवट फिलहाल फरार हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

