अजयारविंद नामदेव, शहडोल। सड़क पर तेज रफ्तार एक बार फिर दो जिंदगियों को लील गई। शहडोल जिले में एक तेज रफ्तार काली बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र के झीकबिजुरी रोड स्थित गाड़ाघाट के पास हुआ। बाइक पर सवार बद्री प्रसाद रविदास और सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के बेलिया गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रिश्तेदारी में गए हुए थे और वहां से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काली बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: थाने के अंदर जब्त वाहनों के पार्ट्स बेचने का वीडियो वायरल: पुलिस महकमे में हड़कंप, एएसपी ने मांगी रिपोर्ट
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। काली बोलेरो और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले जानलेवा खतरे को उजागर कर दिया है। इस मामले में जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि एक काले रंग वाली बोलेरो ने बाइक सवार को ठोकर मारी, जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई है, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

