अजयारविंद नामदेव, शहडोल। फिल्म पुष्पा की तर्ज पर ट्रक में गुप्त चैंबर बनाकर गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश ले जा रहे तस्करों के मंसूबों पर शहडोल पुलिस ने पानी फेर दिया। जयसिंहनगर पुलिस ने नवरात्रि के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनाती के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक में छिपाकर रखा गया 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गांजा तस्करी में इस्तेमाल करीब 40 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है।
ट्रक की बॉडी में बनाया था गुप्त चैंबर
गांजे की यह खेप ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्करों ने ट्रक के केबिन के पीछे बॉडी को काटकर और मोडिफाई कर गुप्त जगह बनाई थी, ताकि गांजे को आसानी से छिपाकर पुलिस की नजरों से बचा सकें। तस्करों ने कथित तौर पर फिल्मी अंदाज में तस्करी का यह तरीका अपनाया था। बताया जा रहा है कि ट्रक को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा होते हुए आगे जाना था, लेकिन नो एंट्री के कारण तस्करों ने मरवाही, कोतमा और अनूपपुर होते हुए शहडोल मुख्यालय का रास्ता चुना, इसके बाद ट्रक को जयसिंहनगर होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचना था।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, नाकाबंदी में दबोचे गए
नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जयसिंहनगर पुलिस की नजर संदिग्ध ट्रक पर पड़ी, पुलिस ने चालक से पूछताछ की तो उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर चालक ने कट मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से 18 बोरियों में रखे 81 पैकेटों से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत करीब 73 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल करीब 40 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है। जब्त गांजे और ट्रक की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
यूपी और झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक चालक राहुल विश्वकर्मा निवासी ग्राम जमीनबारी, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और खलासी नारायण मंडल निवासी ग्राम अलगडीहा, जिला गिरिडीह (झारखंड) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

