अजयारविंद नामदेव, शहडोल। Cylinder Catches Fire At Hotel: रक्षाबंधन के त्योहार की तैयारियों और बाजारों में बढ़ी चहल-पहल के बीच बुढार थाना क्षेत्र स्थित होटल बिलासा में अचानक गैस सिलेंडर में आग भड़कने से हड़कंप मच गया। होटल के किचन में आग की लपटें उठती देख कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि होटल संचालक और कर्मचारियों की तत्परता से होटल में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों का तत्काल इस्तेमाल किया गया, जिससे आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करने में मदद मिली और बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के चलते होटल में भी लोगों की आवाजाही और गतिविधियां बढ़ी हुई थीं। इसी दौरान किचन में रखे गैस सिलेंडर के पास अचानक आग भड़क गई। आग लगते ही होटल संचालक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर बिना समय गंवाए फायर सेफ्टी सिस्टम का इस्तेमाल किया। तत्काल कार्रवाई से आग को किचन के अन्य हिस्सों और आसपास रखे सामान तक फैलने से रोक लिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। होटल में पहले से मौजूद फायर सेफ्टी इंतजाम और समय रहते की गई कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।
रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर होटल में भीड़ और आवाजाही के बीच आग की घटना ने कुछ देर के लिए लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। गनीमत रही कि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। गैस सिलेंडर में आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। घटना ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी इंतजामों को दुरुस्त रखने की जरूरत को सामने ला दिया है।]
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


