अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एक तरफ शासन-प्रशासन सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शहडोल जिले के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगी हाईटेक एक्स-रे मशीनें खुद इलाज का इंतजार कर रही हैं। शहडोल जिले के धनपुरी और बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक्स-रे मशीनें बंद होने से मरीजों को सरकारी सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। खासकर हाथ-पैर में चोट और फ्रैक्चर के मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए निजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें अपनी जेब से अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ रही है।
मरीजों से पहले मशीन ही बीमार पड़ गई
सरकारी अस्पताल में हाईटेक एक्स-रे मशीन तो है, लेकिन मरीजों का एक्स-रे नहीं हो रहा, क्योंकि मरीजों से पहले मशीन ही बीमार पड़ गई है। शहडोल के धनपुरी और बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाखों की एक्स-रे मशीनें बंद पड़ी हैं। धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी हाईटेक एक्स-रे मशीन के बंद होने की वजह अस्पताल भवन की छत से बारिश का पानी गिरना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के दौरान छत से पानी एक्स-रे मशीन वाले कमरे में गिरता रहा, मशीन को बचाने के लिए पन्नी आदि से ढकने का प्रयास भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद मशीन पानी की चपेट में आ गई। अब मशीन बंद पड़ी है और मरीज एक्स-रे सुविधा के लिए परेशान हो रहे हैं।
वहीं बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी हाईटेक एक्स-रे मशीन लगी हुई है, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। यानी एक तरफ मशीन बारिश से प्रभावित होकर बंद है, तो दूसरी तरफ तकनीकी समस्या ने दूसरी सरकारी एक्स-रे सुविधा पर ब्रेक लगा रखा है।
प्राइवेट सेंटरों के चक्कर काट रहे मरीज
दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे सुविधा प्रभावित होने का सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। दूर-दराज से सरकारी अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को पहले अस्पताल आना पड़ता है और एक्स-रे सुविधा बंद मिलने पर उन्हें निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे समय के साथ इलाज का खर्च भी बढ़ रहा है।
अब सवाल यह है कि जब सरकारी अस्पतालों में लाखों रुपये की हाईटेक मशीनें मरीजों की सुविधा के लिए लगाई गई हैं, तो उनके रखरखाव और समय पर सुधार की व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
वही इस पूरे मामले में बुढार बीएमओ डॉ सचिन कारखुर का कहना है कुछ तकनीकी खराबी के चलते बुढार की एक्स-रे मशीन बंद है, जल्द ही चालू हो जाएगी रही बात धनपुरी के एक्स-रे मशीन की तो वो पानी में भीग जाने के कारण बंद थी, उसे भी जल्द चालू कर रहे है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


