अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से गुंडागर्दी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां धुरवार टोल प्लाजा पर FASTag रिचार्ज कराने की मामूली सी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि थार सवार युवक ने अपनी बंदूक निकाल ली और टोल कर्मचारी को सरेआम धमकाने लगा। थार सवार कथित शराब ठेकेदार के इस ‘गन शो’ से टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। यह पूरी खौफनाक घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित टोल कर्मचारी की शिकायत पर सोहागपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

FASTag में कम था बैलेंस, रिचार्ज बोलने पर भड़का थार सवार

जानकारी के मुताबिक घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के धुरवार टोल प्लाजा की है। सुबह करीब 10 बजे टोल कर्मी राजकुमार यादव अपनी ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान बुढ़ार की तरफ से शहडोल की ओर जा रही एक महिंद्रा थार गाड़ी टोल पर पहुंची। कर्मचारी ने जब स्कैनर से गाड़ी को चेक किया तो FASTag में बैलेंस कम मिला। इस पर टोल कर्मी राजकुमार ने वाहन चालक से FASTag रिचार्ज कराने का नम्रतापूर्वक निवेदन किया।

थार से उतरकर शुरू की बहस, फिर निकाल ली बंदूक!

आरोप है कि FASTag रिचार्ज कराने की बात सुनते ही थार में सवार ऋषि सिंह नाम का व्यक्ति आपे से बाहर हो गया और नीचे उतर आया। इसके बाद टोल कर्मी और थार सवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने थार के अंदर रखी कथित लाइसेंसी बंदूक निकाली और टोल कर्मचारी पर तानते हुए उसे देख लेने की धमकी दी। अचानक हथियार लहराए जाने से मौके पर मौजूद अन्य टोल कर्मचारियों और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई

बंदूक दिखाकर धमकाने का यह पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। घटना के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारी ने सोहागपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लग गई है।

कई सुलगते सवाल- असली थी या नकली बंदूक?

धुरवार टोल प्लाजा का यह मामला सिर्फ एक सामान्य विवाद नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था और हथियारों के सरेआम गलत इस्तेमाल पर भी बड़े सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि दिखाई गई बंदूक असली थी या नकली, और यदि वह असली लाइसेंसी हथियार था तो सार्वजनिक स्थान पर इस तरह बंदूक लहराने के पीछे क्या मंशा थी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m