अजयारविंद नामदेव, शहडोल। डिजिटल दौर में पली-बढ़ी Gen Alpha पीढ़ी के छात्र जब अपनी बात रखने के लिए हॉस्टल की दीवारें लांघकर सड़क पर उतर आएं तो यह वाक्या अपने आप में कई सवाल खड़े करने लगती है। ऐसा ही कुछ हुआ शहडोल जिले के जैतपुर क्षेत्र के विरौड़ी एकलव्य छात्रावास में, जहां 150 से अधिक छात्र हॉस्टल की दीवार लांघकर कलेक्ट्रेट की ओर पैदल निकल पड़े, छात्रों का कहना है कि वे कलेक्टर से सीधी मुलाकात करना चाहते हैं और उनसे मिलकर ही अपनी समस्याएं बताना चाहते हैं।

जानकारी के मुताबिक छात्र रसमोहनी के रास्ते कलेक्ट्रेट की ओर करीब 60 किलोमीटर का पैदल सफर तय करने के लिए निकले हैं। करीब 15 किलोमीटर की दूरी पूरी करने के बाद भी छात्रों के कदम नहीं रुके और वे लगातार आगे बढ़ते रहे। बड़ी संख्या में छात्रों के अचानक हॉस्टल से निकलने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया।

अफसरों की समझाइश बेअसर, धकियाकर आगे बढ़े छात्र

छात्रों को रोकने और समझाइश देने के लिए अधिकारी लगातार उनके पीछे चल रहे हैं। एसी आनंद राय सिन्हा भी छात्रों से बातचीत करने पहुंचे, लेकिन छात्र किसी से बातचीत करने के लिए तैयार नहीं हुए। आरोप है कि इस दौरान छात्रों ने उन्हें धक्का देकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, प्रशासन की ओर से बच्चों को समझाने और उन्हें वाहन से वापस ले जाने की कोशिश भी की जा रही है। एक यात्री बस और एसी वाहन को भी छात्रों के पीछे लगाया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस हॉस्टल लाया जा सके।

बार-बार क्यों पैदा हो रहे ऐसे हालात?

सबसे अहम बात यह है कि छात्र किसी स्थानीय अधिकारी से बातचीत के बजाय सीधे कलेक्टर से मिलने पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि वे अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने ही रखना चाहते हैं। गौर करने वाली बात यह भी है कि यह पहली बार नहीं है, जब छात्रावासों के विद्यार्थी अपनी समस्याएं लेकर पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे हों। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग छात्रावासों से छात्र पैदल कलेक्ट्रेट पहुंच चुके हैं।

वही इस पूरे मामले सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिंहा ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे हॉस्टल से निकल कर पैदल कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े हुए है, किसी से कोई बात नहीं कर रहे, हम सब भी उनके पीछे पीछे दौड़ लगा रहे, बच्चों को बस में बिठाने का प्रयास कर रहे लेकिन वे नहीं मान रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m