अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में जंगली हाथियों की आवाजाही के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे एक मखना हाथी की कथित तौर पर बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बाणसागर इलाके के चंदौली गांव की बताई जा रही है। जहां हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में करीब 25 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों का यह दल अक्सर रात के समय भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर आसपास के आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के भीतर रखे अनाज की गंध भी हाथियों को आकर्षित करती है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान दल से बिछड़कर एक हाथी चंदौली गांव के राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया, जहां वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।

ये भी पढ़ें: शहडोल मेडिकल कॉलेज में बेखौफ बदमाश: हाथों में चाकू लेकर पहुंचे दो युवक, मचा हड़कंप

करंट लगने से मौत की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास घर तक बिजली पहुंचाने के लिए खुली तार का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका है कि इसी तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की खुली तारों से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ये भी पढ़ें: हॉस्टल की दीवारें लांघकर सड़क पर उतर रहीं छात्राएं, अब जागा विभाग; कहीं समस्याओं की पड़ताल, तो कहीं चॉकलेट-मिठाई से मनाया नवरात्रि का उत्साह

जिम्मेदार कौन ?

डीएफओ ने की हाथी की मौत की पुष्टि करते हुए उत्तर वनमंडलाधिकारी तरुणा वर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि राजस्व क्षेत्र में करंट लगने से एक मखना हाथी की मौत हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि बिजली की खुली तार के कारण हाथी की मौत हुई है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? जंगल से आबादी की ओर बढ़ते हाथियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के असुरक्षित इंतजामों के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अब बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m