अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में बदमाशों को न कानून का खौफ है, न पुलिस का डर, अब तो हालात ऐसे हैं कि जिंदगी बचाने वाले अस्पताल भी बदमाशों की बेखौफ हरकतों से अछूते नहीं हैं। जहां मरीज इलाज कराने और अपनी जान बचाने पहुंचते हैं, वहां दो युवक खुलेआम चाकू लेकर घूमते नजर आए। गनीमत रही कि वक्त रहते सिक्योरिटी गार्ड की नजर पड़ गई और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, वरना सवाल यह है कि अगर ये चाकू किसी की जिंदगी पर वार कर देते, तो जिम्मेदार कौन होता। मेडिकल कॉलेज में चाकू लेकर घूमते युवकों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बदमाशों के मन से कानून का खौफ खत्म क्यों होता जा रहा है।
शहडोल मेडिकल कालेज जहां मरीज जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां अगर खुलेआम धारदार हथियार लेकर दो युवक घूम रहे है। इसी दौरान वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें देख लिया, स्थिति की गंभीरता को समझते हुए गार्ड ने तत्परता दिखाई और दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें सोहागपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, दोनों युवक मेडिकल कॉलेज में चाकू लेकर क्यों पहुंचे थे और उनका इरादा क्या था, यह जांच का विषय है।
ये भी पढ़ें: हॉस्टल की दीवारें लांघकर सड़क पर उतर रहीं छात्राएं, अब जागा विभाग; कहीं समस्याओं की पड़ताल, तो कहीं चॉकलेट-मिठाई से मनाया नवरात्रि का उत्साह
मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को जब युवकों के चाकू लेकर घूमने की जानकारी मिली, तो वहां हड़कंप मच गया। अस्पताल में पहले से ही मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में खुलेआम धारदार हथियार लेकर घूमने की घटना लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर सकती है। मेडिकल कॉलेज परिसर में चाकू लेकर घूमने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस घटना ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दो युवक चाकू लेकर मेडिकल कॉलेज परिसर में कैसे पहुंच गए, क्या प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की पर्याप्त व्यवस्था है? ऐसे संवेदनशील स्थान पर हथियार लेकर पहुंचना किसी बड़ी वारदात का कारण भी बन सकता था। फिलहाल, सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से संभावित अनहोनी टल गई, अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि दोनों युवक वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। वही इस पूरे मामले में सोहागपुर थाना प्रभारी आर.पी रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कालेज में चाकू लेकर घूम रहे दो युवकों को सिक्यूरिटी गार्डों ने पकड़कर पुलिस को सूचना दी है, पुलिस टीम मौके पर गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

