अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत संचालित रामपुर-बटुरा ओसीएम परियोजना में कार्यरत निजी ठेका कंपनी जय अम्बे के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। रोजगार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपक्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर-बटुरा उपक्षेत्र कार्यालय, सोहागपुर का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना क्षेत्र में कोयला एवं ओबी (ओवर बर्डन) उत्खनन का कार्य कर रही जय अम्बे कंपनी द्वारा स्थानीय युवाओं और भूमिपुत्रों की उपेक्षा करते हुए बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। जबकि भूमि अधिग्रहण के समय प्रभावित परिवारों और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, कई वर्षों से ग्रामीण इसी वादे के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें रोजगार नहीं मिल सका है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जय अम्बे  कंपनी के अधिकारी अंशुल त्रिपाठी और आलोक त्रिपाठी पर आदिवासी ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का भी गंभीर आरोप लगाया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई, उनका कहना है कि रोजगार मांगने पर सम्मानजनक व्यवहार के बजाय अपमानित किया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने मुख्य महाप्रबंधक, एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर स्थानीय युवाओं और प्रभावित परिवारों को रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही कंपनी प्रबंधन के व्यवहार की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इससे परियोजना का उत्पादन कार्य भी प्रभावित हो सकता है। जिसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित कंपनी की होगी। ग्रामीणों का कहना है कि अब रोजगार और सम्मान की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।

वहीं इस मामले में सोहागपुर उप क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा का कहना है कि विरोध के रहे ग्रामीणों की माँग को ऊपर तक भेज दिया गया है। जल्द ही उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा। रही बात कंपनी के लोगो द्वारा ग्रामीणों से गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार का उसके लिए उचित कार्यवाही की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m