अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल के बुढ़ार में एक पिता का गुस्सा ऐसा फूटा कि उसने तहसीलदार की खड़ी बोलेरो को ही निशाना बना डाला। बताया जा रहा है कि ब्रेकर पर साइकिल से गिरकर बेटे के घायल होने के बाद पिता को शक था कि उसे किसी वाहन ने टक्कर मारी है। घटना की सच्चाई जानने के लिए वह तहसील कार्यालय के CCTV फुटेज देखना चाहता था, लेकिन फुटेज नहीं देख पाने की नाराजगी में उसने कथित तौर पर तहसीलदार की गाड़ी पर पथराव कर शीशे चकनाचूर कर दिए, मामले में शहडोल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जिले के बुढ़ार तहसील कार्यालय परिसर में खड़ी तहसीलदार की सरकारी बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ करने के मामले में शहडोल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के बेटे के साइकिल से गिरकर घायल होने के बाद उपजे संदेह और सीसीटीवी फुटेज नहीं देख पाने की नाराजगी ने इस घटना को जन्म दिया, गुस्से में आरोपी ने तहसीलदार की खड़ी गाड़ी पर पत्थर बरसाकर उसके शीशे तोड़ दिए।
थाने में दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक, फरियादी कपिल कुमार तिवारी ने 26 अक्टूबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तहसीलदार की सफेद बोलेरो क्रमांक MP13ZB 6445 रात करीब 11 बजे तक सुरक्षित शेड के नीचे खड़ी थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे वाहन का सामने का कांच और बाईं ओर बीच का कांच टूटा मिला, मौके पर पत्थर भी बिखरे हुए थे। अज्ञात व्यक्ति की इस हरकत से करीब 18 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
सीसीटीवी से खुला राज, दो गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेन्द्रो ने टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के आधार पर अजय उर्फ छोटू पाण्डेय, निवासी आदर्श कॉलोनी, बुढ़ार और शिवनारायण उर्फ गणेश कोल, निवासी ग्राम झगरहा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, जुर्म स्वीकार करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, मामले में विवेचना के दौरान संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई।
थाना प्रभारी ने कही ये बात
वहीं इस मामले में बुढार थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसीलदार की गाड़ी में तोड़फोड़ करने की शिकायत पर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के बेटा ब्रेकर में गिरकर चोटिल हो गया था, जिससे आरोपी तहसील कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज देखना चाह रहा था, नहीं दिखने पर उसने तहसीलदार की गाड़ी में पत्थर से तोड़फोड़ की थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

