अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में एक छात्रा की शिकायत ने सनसनी फैला दी है। युवती ने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, तीन बार गर्भपात कराने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र का है।

बीएससी और पीजीडीसीए की छात्रा (23) की शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान केशवाही निवासी कनिष्क सिंह से हुई थी। जनवरी 2024 में दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुए। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाया और 29 अक्टूबर 2024 को ग्राम कुम्हारी में एक खाली बाड़े में ले जाकर शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए, युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

तीन बार गर्भपात, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधों के दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई, युवक उसे गर्भपात की गोलियां देता था और शादी के बाद बच्चा करने की बात कहता था। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने मोबाइल चैट, फोटो और वीडियो जैसे साक्ष्य पुलिस को सौंपने की बात कही है।

शादी से इनकार, धमकी और फिर गिरफ्तारी

युवती के मुताबिक, आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिसके बाद युवक ने विवाह से इनकार कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के परिवार के लोगों पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। कथित धमकी का ऑडियो सामने आने का दावा किया गया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया था।

इसके बाद बुढ़ार पुलिस ने आरोपी कनिष्क सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो का कहना है कि केशवाही चौकी क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर गलत काम करने मामले में शिकायत पर से मामला दर्ज हुआ था, जिसके आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m