अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एमपी के शहडोल में मौसम का बदला मिजाज आम जनता के लिए बड़ी आफत बनकर आया है। जिले में हुई मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। सीधी थाना क्षेत्र में अपने दादा के साथ काम कर रहे एक 16 वर्षीय किशोर की बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ब्यौहारी क्षेत्र में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसके साथ ही ब्यौहारी नगर में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं।

दरअसल, ग्राम पोंडी में 16 वर्षीय किशोर सौरभ अहिरवार अपने दादा के साथ खेत में गोबर की खाद डाल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज कड़कड़ाहट के साथ आसमानी बिजली सीधे सौरभ पर आ गिरी। इस भयावह हादसे में सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दादा इस आपदा में बाल-बाल बच गए। अपनी आंखों के सामने पोते को दम तोड़ते देख बुजुर्ग दादा स्तब्ध हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। 

आसमानी आफत का दूसरा कहर ब्यौहारी जनपद पंचायत के ग्राम बरा में देखने को मिला। यहां भी तेज गरज-चमक के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से तीन दुर्गावती सिंह,बसंती सिंह,बालगोविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को ब्यौहारी सिविल अस्पताल  में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका सघन उपचार किया जा रहा है।

शहडोल  जिले के ब्यौहारी में हुई रिकॉर्ड तोड़ मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जल निकासी की व्यवस्था ठप होने के कारण पूरा शहर जलमग्न नजर आ रहा है। विशेष रूप से पपौंध तिराहा, ब्यौहारी बस स्टैंड से लेकर स्टेशन रोड तक की मुख्य सड़कें पूरी तरह तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। पानी का बहाव इतना तेज था कि वह लोगों के घरों और व्यावसायिक दुकानों के भीतर तक घुस गया, इसके चलते दुकानदारों का कीमती सामान पानी में डूब गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m