अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्ली में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव के हनुमान मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने घुसकर भगवान हनुमान की प्रतिमा को खंडित कर खेत में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर में तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

 मामले की शिकायत फरियादी ने गोहपारू थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, गांव में स्थित हनुमान मंदिर में रोजाना पूजा-अर्चना की जाती थी। 17 मई तक मंदिर में प्रतिमा सुरक्षित थी, लेकिन 18 और 19 मई की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति मंदिर पहुंचे और वहां स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को तोड़कर पास के खेत में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने जब मंदिर का दरवाजा खुला देखा और मूर्ति गायब मिली तो हड़कंप मच गया। बाद में खेत में खंडित प्रतिमा मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 

घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m