अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के प्रभार वाले शहडोल जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलती एक गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर में इलाज कराने पहुंची एक महिला को डॉक्टरों ने न केवल इलाज करने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी भी दी। पीड़िता ने मामले की उच्च स्तरीय लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और आईजी शहडोल से करते हुए कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें: थाने में गर्भवती महिला और पति से बर्बरताः SP ने TI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, एसआईटी गठित

‘ड्यूटी खत्म होने का हवाला’ देकर पीड़िता को भगाया

वार्ड नंबर 01 जयसिंहनगर निवासी संध्या तिवारी को अत्यधिक पेट दर्द से पीड़ित होकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं, समयाभाव के कारण ओपीडी की पर्ची नहीं कट पाई थी। अस्पताल में मौजूद संविदा चिकित्सक डॉ. आशुतोष मिश्रा और डॉ. पुष्पराज पटेल ने ड्यूटी समय खत्म होने का हवाला देकर महिला का इलाज करने से स्पष्ट मना कर दिया,जब पीड़िता ने अपनी पीड़ा बताते हुए डॉक्टर से देखने का अनुरोध किया तो दोनों डॉक्टरों ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और भगा दिया।

181 पर शिकायत करने पर कोर्ट परिसर में बनाया वीडियो

जब पीड़िता ने इसकी शिकायत 181 और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से की तो डॉक्टरों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारी नवीन मिश्रा द्वारा न्यायालय परिसर के भीतर उसकी बिना अनुमति के वीडियो बना ली गई और उसे वायरल किया गया। जिसमें अभद्र टिप्पणियां भी की गईं। इस मामले में पीड़िता ने जयसिंहनगर थाने में एनसीआर दर्ज कराने के बाद पुलिस अधीक्षक को विस्तृत आवेदन सौंपा है।

ये भी पढ़ें: 5 सीटर में ठूंसे 18 स्कूली बच्चे; NH-43 पर ऑटो में लटकते दिखे छात्र, VIDEO वायरल

BMO बोले- जांच कमेटी गठित, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर जयसिंहनगर के बीएमओ (BMO) डॉ. आनंद ने बताया कि महिला द्वारा इलाज न करने और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m