अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रही बुलडोजर कार्रवाई के बीच एक मकान का मलबा शख्स के ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई में लगी नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका की टीम सड़क चौड़ीकरण के लिए बुलडोजर और जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटा रही थी। इसी दौरान अचानक एक मकान का हिस्सा ढह गया और उसका मलबा सीताराम गुप्ता (45) के ऊपर आ गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: शहडोल में गरजा बुलडोजर: इन्द्रा चौक से न्यू बस स्टैंड तक सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू, पुलिस छावनी में बदला इलाका

आक्रोशित लोगों ने किया पथराव

घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, नाराज परिजनों ने कार्रवाई में लगी नगर पालिका की जेसीबी पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार्रवाई में लगे कर्मचारी व अन्य लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।

इन्द्रा चौक से न्यू बस स्टैंड तक चौड़ीकरण अभियान

गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से इन्द्रा चौक से न्यू बस स्टैंड तक सड़क चौड़ीकरण अभियान शुरू किया है। व्यापारियों के विरोध के बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 18 मीटर से घटाकर 17 मीटर कर दी गई थी। प्रशासन का दावा है कि इस अभियान से जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। हालांकि, इस हादसे ने अभियान की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पूरे मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m