अजयारविंद नामदेव, Sahdol. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी खोई हुई भैंस को ढूंढने निकले एक आदिवासी किसान का सामना अचानक एक खूंखार भालू से हो गया। शाम के धुंधलके में भालू को अपनी भैंस समझने की एक छोटी सी चूक किसान की जिंदगी पर भारी पड़ गई। भालू और किसान के बीच काफी देर तक जिंदगी और मौत का खूनी संघर्ष चला, लेकिन अंत में जंगली जानवर के प्राणघातक हमले में घायल किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: Gwalior NEWS: 111 करोड़ की बर्बादी पर हाई कोर्ट सख्त, सीवरेज प्रोजेक्ट पर सरकार को फटकार- “प्रशासन गहरी नींद में है”
भैंस की तलाश में सोन नदी के तट पर पहुंचा था किसान
यह दुखद घटना शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महरोई गांव की है। यहां के निवासी किसान सोनसाय गोंड की पालतू भैंस पिछले दो दिनों से लापता थी। अपनी आजीविका के मुख्य साधन को तलाशने के लिए सोनसाय हाथ में महज एक लाठी का सहारा लेकर घर से निकला था। वह भैंस को ढूंढते-ढूंढते खनौधी वन परिक्षेत्र के मुर्गा महरोई गांव के समीप सोन नदी के तट पर जा पहुंचा।
अंधेरे के कारण हुआ भ्रम, भालू के बेहद करीब चला गया सोनसाय
देर शाम जब चारों तरफ अंधेरा छाने लगा था, तभी सोनसाय को दूर से एक काले रंग का भारी-भरकम जानवर अपनी ओर आता दिखाई दिया। कम रोशनी और धुंधलके के कारण किसान को भ्रम हुआ कि वह उसकी लापता भैंस ही है जो भटक कर वापस लौट रही है। अपनी भैंस मिलने की आस में सोनसाय बिना किसी डर के उस काले जानवर के बिल्कुल करीब जा पहुंचा।
लेकिन पास जाकर जैसे ही उसने देखा, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सामने कोई भैंस नहीं, बल्कि एक बेहद हिंसक और आक्रामक जंगली भालू खड़ा था।
लाठी के सहारे लड़ा ‘द्वंद्व युद्ध’, पर भारी पड़ा खूंखार जानवर
भालू को सामने देख किसान ने खुद को बचाने और उसे भगाने का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उस पर सीधे हमला बोल दिया। इसके बाद सोन नदी के किनारे भालू और किसान के बीच आर-पार का खूनी द्वंद्व युद्ध शुरू हो गया। किसान ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में मौजूद लाठी से खुद का बचाव किया और भालू पर कई पलटवार किए।
भालू के हमले और किसान के संघर्ष का यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। हालांकि, खूंखार जानवर की ताकत के आगे किसान की लाठी कमजोर पड़ गई। जंगली भालू ने किसान के सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया और तड़प-तड़प कर मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Bhopal News: ‘फर्जी अटेंडेंस’ लगाने वाले डॉक्टरों पर बड़ी कार्रवाई; CMHO ने काटा वेतन, थमाया नोटिस
इलाके में हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
घटना की जानकारी लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम और गोहपारू थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल के बाद मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे महरोई गांव में शोक की लहर है और वन क्षेत्र के आस-पास रहने वाले ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

