अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में बिजली व्यवस्था को हाईटेक बनाने की कवायद के बीच एक कड़वी सच्चाई सामने आ रही है। स्मार्ट मीटर के दौर में भी कटिया कल्चर बेखौफ जारी है। हालात यह हैं कि ग्रामीण इलाकों में खुलेआम हुकिंग कर बिजली चोरी की जा रही है, जिससे विभाग को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ रहा है और पूरी सप्लाई व्यवस्था चरमरा रही है।

जिले के खैरहा, भानपुर, सामातपुर, खन्नाध, बोडरी, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, बुढार और जैतपुर जैसे क्षेत्रों में मीटर बायपास कर सीधे लाइन से बिजली लेने का चलन तेजी से बढ़ा है। चिंताजनक बात यह है कि चोरी की बिजली से सिर्फ छोटे उपकरण ही नहीं, बल्कि एसी, कूलर और अन्य भारी लोड वाले संसाधन भी धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं।

इस अवैध खपत का सीधा असर ट्रांसफार्मरों पर पड़ रहा है। ओवरलोडिंग के कारण बार-बार फॉल्ट, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या आम हो गई है। इसका खामियाजा उन उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है, जो समय पर बिल चुका रहे हैं। छोटे व्यवसाय और दैनिक जीवन भी इस अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब विभाग की जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई सीमित है। कई जगहों पर खुलेआम तारों में हुक डालकर बिजली ली जा रही है, लेकिन सख्ती नजर नहीं आती। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हालांकि विभाग का दावा है कि समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है और स्मार्ट मीटर से चोरी पर अंकुश लगेगा, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखती है।
स्मार्ट मीटर और आधुनिक तकनीक के दावों के बीच शहडोल में बिजली व्यवस्था की हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां डिजिटल सिस्टम से ज्यादा असर कटिया कल्चर का नजर आ रहा है, जहां खुलेआम हो रही बिजली चोरी ने न सिर्फ विभाग की कमर तोड़ दी है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं की जेब और धैर्य दोनों पर बोझ बढ़ा दिया है।
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

