अजयारविंद नामदेव, शहडोल। दो अधिकारियों की मौत के बाद भी शहडोल में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का कथित कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। नदियों और नालों से रेत निकालने का सिलसिला जारी है, तो कार्रवाई के दौरान विवाद और हंगामे की तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं। 

ताजा मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के भुरका गांव स्थित अखड़ार नाले का है, जहां अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर को रोकने के बाद पिता सूर्य प्रकाश पुत्र सत्यम ने कथित तौर पर जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते रेत खाली की गई और ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में जा गिरी। इस पूरे घटनाक्रम का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के भुरका गांव के अखड़ार नाले से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर के जरिए परिवहन किया जा रहा था, इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से दस्तावेज मांगे। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से घबराए पिता पुत्र ने पहले विवाद किया और फिर ट्रैक्टर से रेत अनलोड कर दी। इसके बाद गाली गलौज के बीच चालू ट्रैक्टर-ट्रॉली को खाई में धकेल दिया। पिता-पुत्र ने कथित तौर पर पुलिस पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिराने का आरोप लगाया। हालांकि, वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

बता दें कि शहडोल जिले के देवलोंद, ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, बुढ़ार, धनपुरी, अमलाई, खैरहा, केशवाही, जैतपुर और सीधी थाना क्षेत्रों सहित विभिन्न इलाकों से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप हैं कि बड़े पैमाने पर निकाली जा रही रेत दूसरे जिलों के साथ उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक पहुंचाई जाती है।

रेत के अवैध उत्खनन को रोकने के दौरान दो अधिकारियों की मौत की घटना पहले ही गंभीर सवाल खड़े कर चुकी है। ऐसे में भुरका गांव का यह मामला प्रशासनिक निगरानी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती को फिर सामने लाता है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर जिम्मेदारों की पहचान कर क्या कार्रवाई की जाती है।

वही इस मामले में जयसिंहनगर थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरेश अहिरवार नामक व्यक्ति के साथ पिता पुत्र का विवाद हो रहा था, जिसकी सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। जहां पुलिस देख ट्रेक्टर ट्राली नीचे नाले में गिरा दिया। सुरेश सिंह गहरवार की शिकायत पर सूर्य प्रकाश मिश्रा और सत्यम मिश्रा के खिलाफ मारपीट करने की कार्यवाही की गई है, जबकि चालक राहुल केवट और सत्यम मिश्रा के खिलाफ रेत की कार्यवाही की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m