अजयारविंद नामदेव शहडोल। शहडोल में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। एक हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे घटना में कोयले से लदा 16 चक्का भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा, टक्कर इतनी भीषण थी कि मकान धराशायी हो गया और वहां मौजूद मवेशियों की मौत हो गई, गनीमत रही कि घर में मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली।
ड्यूटी पर जा रहे SECL मैनेजर की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचला
पहली घटना अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर बटुरा पंचायत भवन के सामने की है। बाइक सवार बरंगवा निवासी जमुना बैगा अपने रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान SECL रामपुर के सवेरिया मैनेजर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि जमुना बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मैनेजर ड्यूटी पर रामपुर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
कोयले से लदा 16 चक्का ट्रक मकान में घुसा, मवेशियों की मौत
दूसरी घटना भी अमलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 के झगरहा तिराहे के पास हुई। जहां तेज रफ्तार कोयला लोड 16 चक्का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। भारी वाहन की जोरदार टक्कर से मकान धराशायी हो गया, हादसे के समय घर में मौजूद लोगों ने खतरे को भांपते हुए किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस दुर्घटना में मकान में मौजूद मवेशियों की मौत हो गई।
वहीं इस पूरे मामले में अमलाई थाना प्रभाई भूपेंद्रमणि पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि एक स्कॉर्पियो वाहन बाइक सवार ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई, वहीं एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक मकान के बाहरी हिस्से में जा घुसा. जिससे कुछ मवेशियों की मौत हो गई, दोनों मामले में कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

