अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक महिला का कंकालनुमा शव मिला है। जंगल के बीच फांसी के फंदे पर लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतिका 15 दिन पहले घर से निकली थी, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर हर पहलू से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
घर से फोटो कॉपी कराने निकली थी महिला
मृतका की पहचान मनीषा कहार के रूप में हुई है, जो अमलाई थाना क्षेत्र के ओपीएम अमलाई शारदा माइंस के पास रहती थी। मनीषा कहार के पति का करीब चार साल पहले निधन हो चुका था। जिसके बाद वह लोगों के घरों में काम कर अपना जीवन यापन कर रही थी। 9 मार्च को वह घर से फोटो कॉपी कराने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने अमलाई थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ये भी पढ़ें: चक्काजाम करना पड़ा भारी: रतलाम में करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह समेत 40 लोगों पर FIR, रास्ता बंद कर सड़क पर किया था प्रदर्शन
इस मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब शहडोल और अनूपपुर जिले की सीमा पर स्थित चाचाई थाना क्षेत्र के बकही के जंगल में एक पेड़ की टहनी पर कंकालनुमा शव बरामद हुआ। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पहचान में कठिनाई हो रही थी, लेकिन बाद में इसे मनीषा कहार के रूप में चिन्हित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही चाचाई पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: MP भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत: भूसे से भरी ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार कार, 1 गंभीर घायल, चाय पीने जा रहे थे चारों दोस्त
आत्महत्या या साजिश ?
वहीं अमलाई पुलिस भी इस मामले में समन्वय बनाकर जांच में जुटी हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है या फिर और कारण है।। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। चाचाई थाना प्रभारी उप निरीक्षक राघव सिंह बागरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अमलाई थाना क्षेत्र की एक मिसिंग महिला का शव बकही के जंगल में एक पेड़ में फांसी के फंदे झूलता शव मिला है। फिलहाल पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

