अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल शहर की सड़कें हैं या रफ्तार का हाईवे, जहां लोगों को सुरक्षित सफर करना चाहिए, वहां तेज रफ्तार वाहन अब जान के लिए आफत बनते जा रहे हैं। हाल ही में तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर एक महिला की जान चली गई थी और अब कलेक्टर बंगले के सामने फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, तेज रफ्तार ऑल्टो ने स्कूटी सवार को ऐसी टक्कर मारी कि कार का टायर तक फट गया और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और कोतवाली पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा, सवाल यही है कि शहर के बीचोंबीच दौड़ती इस बेलगाम रफ्तार पर आखिर लगाम कब लगेगी ?

शहडोल शहर के भीतर की सड़कें इन दिनों तेज रफ्तार वाहनों के लिए मानो हाईवे बनती जा रही हैं। शहडोल शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में कलेक्टर निवास के सामने की बताई जा रही है। एक अनियंत्रित ऑल्टो कार क्रमांक MP-18-C-5417 तेज रफ्तार से गुजर रही थी।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में तेज रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवार छात्रों को कुचला, एक की मौत और दूसरा गंभीर

इसी दौरान कार ने स्कूटी क्रमांक MP-18-S-3430 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का टायर तक फट गया और स्कूटी सवार सड़क पर जा गिरा, आसपास मौजूद लोगों ने घायल स्कूटी चालक को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार पर प्रदेश प्रभारी केसरिया जागृति वाहिनी महिला मोर्चा, भोपाल नाम की पट्टी लगी हुई थी। हालांकि वाहन पर लगी इस पट्टी और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस स्तर पर क्या तथ्य सामने आए हैं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। शहर में तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ रही है। हाल ही में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी से स्टेशन जा रही एक महिला को टक्कर मार दी थी, गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई थी, इसके बाद अब कलेक्टर निवास के सामने हुआ यह हादसा शहर की सड़कों पर बढ़ती रफ्तार और यातायात व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m