अजयारविंद नामदेव, शहडोल। अमलाई इलाके में लगातार बिजली गुल होने के बीच चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ लोगों को भी हैरान कर दिया। सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने घर में रखे टीवी, इन्वर्टर और बैटरी समेत करीब 35 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। हालांकि चोरी की वारदात ज्यादा दिन तक पुलिस से छिप नहीं सकी और अमलाई पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को चोरी के इलेक्ट्रिक सामान के साथ पकड़ लिया। 

दरअसल, अमलाई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 टंडन दफाई स्थित मकान क्रमांक LCH/59 में चोरी की वारदात हुई। शिकायतकर्ता सतीश कुमार खटकर के मुताबिक उनका परिवार 19 अगस्त को मकान में ताला लगाकर छत्तीसगढ़ के कोरबा चला गया था। मकान की देखरेख की जिम्मेदारी पड़ोसी नीरंजन प्रधान को दी गई थी। 24 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे नीरंजन ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। 

सूचना मिलते ही सतीश कुमार मौके पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरे का ताला भी टूटा मिला और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर घर से इन्वर्टर, बैटरी, एलईडी टीवी और घरेलू सामान गायब मिला। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से चोरी की इलेक्ट्रिक सामग्री बरामद करने की कार्रवाई की।

इस पूरी घटना में बिजली गुल और चोरी के सामान का कनेक्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर सूने मकान को ही चोरों ने निशाना क्यों बनाया फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी की वारदात में उनकी भूमिका तथा अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा  रही है।

वही इस मामले में अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय का कहना है कि सूने मकान में चोरों ने बिजली उपकरणों की चोरी की थी, जिन्हें गिरफ्तार चोरी का माल बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की  गई है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m