अजयारविंद नामदेव, शहडोल। सोशल मीडिया पर करीब 6 मिलियन (60 लाख) फॉलोअर्स रखने वाले और ट्रैफिक जागरूकता वीडियो के कारण चर्चित शहडोल के ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने निलंबन कार्रवाई के बाद विभाग को इस्तीफे की पेशकश कर दी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा है कि अब वह विभागीय सेवा में वापस नहीं लौटेंगे, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते रहेंगे।

ये भी पढ़ें: इंदौर के इंजीनियर भोपाल के आदेश पर भारी पड़े! हाईकोर्ट से मिली राहत, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विभाग को बड़ा झटका

विभागीय जांच और निलंबन की वजह

गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा विवेकानंद तिवारी को ड्यूटी से लंबे समय तक अनुपस्थित रहने और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित किया गया था,विभागीय जांच में यह बात सामने आई थी कि अनुपस्थिति के दौरान भी वह सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और रील्स अपलोड कर रहे थे, पुलिस रेग्यूलेशन-64 के तहत इसे सेवा की सामान्य शर्तों के उल्लंघन की श्रेणी में माना गया।

फेसबुक पर दर्द बयां कर दी सफाई: ‘मैं मानसिक तनाव में था’

निलंबन के बाद विवेकानंद तिवारी ने अपनी आधिकारिक फेसबुक आईडी पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर विभागीय कार्रवाई पर अपनी सफाई दी थी, उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्चियां और उपचार संबंधी दस्तावेज भी सार्वजनिक किए थे, उनका कहना था कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव, घबराहट, अनिद्रा और सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी घटनाओं के कारण मानसिक रूप से परेशान थे, इसी वजह से उन्होंने चिकित्सकीय सलाह पर उपचार कराया और कुछ दिनों का आराम लिया।

अब बड़े स्तर पर चलाएंगे हेलमेट वितरण अभियान

विवेकानंद तिवारी का दावा है कि 19 मई 2026 को उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से यातायात थाना को अपनी खराब तबीयत की सूचना दी थी, साथ ही मेडिकल पर्ची संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा की गई थी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी जुड़े हुए थे, इसके बावजूद उसी दिन उनकी ड्यूटी जय स्तंभ चौक पर लगा दी गई और बाद में उन्हें गैरहाजिर दर्ज कर लिया गया।

इस्तीफे की जानकारी देते हुए विवेकानंद तिवारी ने कहा कि निलंबन की कार्रवाई से उनकी छवि प्रभावित हुई है, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से सेवा छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह पहले की तरह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे और सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों को लेकर लोगों को जागरूक करते रहेंगे, साथ ही हेलमेट वितरण अभियान को भी पहले से अधिक व्यापक स्तर पर जारी रखेंगे।

एसपी बोले- ‘अभी औपचारिक इस्तीफा नहीं मिला’

हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने कहा कि उनके पास अभी तक कोई औपचारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। यदि इस्तीफा उनके समक्ष आता है तो नियमानुसार उस पर विचार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: ‘नो रिस्क’ मोड में री-NEET परीक्षा: कलावे बाहर, गहने उतारे… सुरक्षा ऐसी कि बिना जांच किसी को नहीं मिली एंट्री

इस घटनाक्रम ने जिले में चर्चा का विषय बना दिया है, ​अब देखना यह होगा कि लाखों दिलों पर राज करने वाले इस सोशल मीडिया स्टार पुलिसकर्मी का इस्तीफा स्वीकार होता है या विभाग उनके दावों को देखते हुए कोई बीच का रास्ता निकालता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m