अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिस कलेक्ट्रेट में जनता अपनी समस्याओं का समाधान पाने पहुंचती है, वहीं अब उनकी जान पर बन आई है। शहडोल कलेक्ट्रेट में एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुख्य प्रवेश द्वार के जर्जर छज्जे का मलबा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि शिकायत लेकर पहुंचे एक ग्रामीण ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। इस घटना ने न सिर्फ कलेक्ट्रेट भवन की बदहाल हालत को उजागर किया है, बल्कि प्रशासनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, ग्राम नारगी निवासी कौशल मंगलवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। शिकायत दर्ज कराने के बाद जैसे ही वह मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर निकल रहे थे, तभी छज्जे का एक हिस्सा टूटकर उनके ठीक सामने गिर पड़ा, कौशल ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत छलांग लगाई, जिससे वह मलबे की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें: चंबल अंचल में डकैतों की दहशत: कंटेनर रोककर मांगा ‘टेरर टैक्स’, मना करने पर की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ग्रामीण कुछ सेकंड भी देर कर देते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भवन की जर्जर स्थिति को लेकर चिंता जताई। बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट भवन कई स्थानों से जर्जर हो चुका है। भवन की दीवारों, छज्जों और प्लास्टर में जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं। समय-समय पर मलबा गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

ये भी पढ़ें: विदिशा में खाकी का खौफ खत्म: एक ही इलाके में 6 चोरी, मंदिर भी नहीं बचा

इसके बावजूद भवन की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जर्जर कलेक्ट्रेट भवन की मरम्मत और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m