विकास नामदेव, शमशाबाद (विदिशा)। मध्य प्रदेश के विदिशा में ऐसा लग रहा है, मानो चोरों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक ही रात में छह जगह चोरी की वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानों के ताले टूटे, मंदिर से भगवान के वस्त्र और आभूषण तक चोरी हो गए और पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
तस्वीरें अहमदपुर रोड स्थित अटल पार्क के सामने की हैं। जहां सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात चोरों ने एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाया। खाद-बीज, कीटनाशक, कपड़े की दुकान और हनुमान मंदिर, कोई भी चोरों से नहीं बच सका। इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: राजधानी के 200 पेट्रोल पंप रडार पर: पेट्रोल पंपों की होगी जांच, लगातार मिल रही थी ये शिकायतें
नगद-कपड़े चोरी
खाद-बीज व्यापारी बलवंत ठाकुर की दुकान से करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बजाय उल्टा सवाल-जवाब किए। कीटनाशक व्यापारी सचिन मालवीय की दुकान से करीब 11 हजार रुपये नकद और सामान चोरी हो गया। वहीं कपड़ा व्यापारी नरेंद्र मीणा की दुकान से हजारों रुपये की नगदी और दर्जनों कपड़े चोर ले उड़े।
हनुमान मंदिर में 8 दिन के अंदर दूसरी बार चोरी
चोरों ने आस्था के केंद्र को भी नहीं बख्शा। हनुमान मंदिर में आठ दिन के भीतर दूसरी बार चोरी हुई। इस बार भगवान के वस्त्र और आभूषण तक चुरा लिए गए। मंदिर समिति का आरोप है कि पहली घटना के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: हादसा या लापरवाही ? मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे में करता था मजदूरी
पुलिस सक्रिय रहती तो नहीं होती वारदात
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। पुलिस को गश्त बढ़ाने के लिए आवेदन भी दिया गया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का दावा है कि अगर पुलिस सक्रिय होती, तो शायद ये वारदातें नहीं होतीं। लगातार हो रही चोरियों के बाद अब पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि एफएसएल टीम को मौके पर भेजा गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। एक ही इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि पुलिस के दावे कब तक हकीकत बनते हैं और आखिर कब इन बेखौफ चोरों पर कानून का शिकंजा कसता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


