अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हुआ है। थाने की चौखट से निराश होकर लौटी एक मजबूर पीड़िता को न्याय की आस में 120 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर एसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि घर में घुसकर पड़ोसियों द्वारा मारपीट और अश्लील हरकत करने के बावजूद देवलोंद पुलिस ने गंभीर मामला दर्ज करने की जगह महज नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) काटकर उसे चलता कर दिया। जिसके बाद पीड़िता जिला मुख्यालय पहुंची और एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि यदि स्थानीय स्तर पर पीड़ितों की सुनवाई नहीं होगी, तो उन्हें न्याय के लिए कितनी दूर तक भटकना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: शहडोल में रिश्ते की बलि! जेठानी ने चुन्नी से गला घोंटकर देवरानी को उतारा मौत के घाट, वजह जानकर हर कोई हैरान
घर में घुसकर अश्लील हरकत और मारपीट; सास के माथे पर आए टांके
देवलोंद थाना अंतर्गत ग्राम पचाई के भुइया बाबा टोला निवासी संगीता नामदेव ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में आरोप लगाया कि 30 अगस्त की रात वह घर में अकेली थी, उसका पति बाहर मजदूरी करने गया हुआ था, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला भूरा पाल, पिता संभोलूलाल पाल, कथित तौर पर उसके घर में घुस आया।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ अभद्रता और अश्लील हरकतें करते हुए उसकी लज्जा भंग करने तथा कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला की 58 वर्षीय सास सोमवती नामदेव जब बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। चोट लगने के बाद उनके माथे पर अस्पताल में टांके लगाए गए।
पुलिस की लापरवाही से बुलंद हुए आरोपी के हौसले, दे रहा धमकियां
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह 31 अगस्त को देवलोंद थाने शिकायत लेकर पहुंची, लेकिन पुलिस ने गंभीर आरोपों के बावजूद मामला दर्ज करने के बजाय इसे असंज्ञेय बताते हुए NCR दर्ज कर उसे टाल दिया। महिला का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए हैं और वह परिवार को धमकियां दे रहा है।
ये भी पढ़ें: फेसबुकिया प्यार में कटी ‘दुबई वाली पत्नी’ की जेब! पति ने हड़पे 14 लाख के गहने, तलाक की दे रहा धमकी
एसपी से लगाई निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की गुहार
स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने से परेशान होकर पीड़िता बुधवार को जिला मुख्यालय शहडोल पहुंची। उसने एसपी कार्यालय में शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। इस घटना ने प्रशासन की पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर न्याय पाने के लिए आम जनता को कितनी दूर तक भटकना पड़ेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



