शाहजहांपुर के त्रिलोकापुर गांव में घरेलू विवाद के बाद शिवम ने अपनी पत्नी रेशमा की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है.
शाहजहांपुर. निगोही थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकापुर गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान रेशमा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम शिवम है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, शिवम और रेशमा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. सोमवार को ही शिवम पत्नी को उसके मायके से वापस घर लेकर आया था. मंगलवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद शिवम ने कथित तौर पर तमंचे से रेशमा को गोली मार दी.
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा
गोली लगने से रेशमा जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने शिवम को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
वारदात की सूचना मिलने पर निगोही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
दहेज हत्या का आरोप
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के मुताबिक, महिला के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. रेशमा के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या की गई.
बताया गया है कि शिवम और रेशमा ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था. एसपी सिटी ने शुरुआती पूछताछ के आधार पर बताया कि घरेलू विवाद के चलते शिवम ने घर के अंदर तमंचे से पत्नी की हत्या की. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

