शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शिव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का मामला सामने आया है. हत्या के बाद मंदिर परिसर में ही लकड़ी की चिता बनाकर दोनों शवों को जला दिया गया. गुरुवार (1 अक्टूबर) सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने मंदिर से धुआं उठता देखा तो मौके पर पहुंचे. एक शव जल रहा था, जबकि दूसरा पूरी तरह जल चुका था. दोनों शव करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े मिले.
इसे भी पढ़ें- वाराणसी में प्रदर्शन के दौरान भगदड़, एक किसान की मौत; हाईवे जाम
20 साल से मंदिर में रह रहे थे गोपाल दास
वारदात खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित शिव मंदिर की है. मृतकों की पहचान बाबा गोपाल दास (70) और बाबा बिहारी दास (60) के रूप में हुई है. ग्रामीणों के मुताबिक, गोपाल दास अजीजगंज मोहल्ले के रहने वाले थे और करीब 20 साल से मंदिर में रहकर कथा वाचन और मंदिर की देखरेख करते थे.
परिजनों के मुताबिक, पत्नी की करीब 25 साल पहले मौत हो गई थी. उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है. करीब एक सप्ताह पहले वह घर आए थे और गया जाने की बात कही थी. पांच दिन पहले गया के लिए निकले, लेकिन रास्ते में चोट लगने के कारण वापस लौट आए थे.
एक महीने पहले बिहारी दास बने थे शिष्य
ग्रामीणों ने बताया कि बाबा बिहारी दास पहले गांव के ठाकुर जी मंदिर में रहते थे. करीब एक महीने पहले वह गोपाल दास के शिष्य बने और इसके बाद दोनों शिव मंदिर में साथ रहने लगे थे. मंदिर में सफाई करने वाले द्रगपाल ने बताया कि उसने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों साधुओं को आखिरी बार देखा था. गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचने पर शव जलते मिले.
ग्रामीणों ने सुमित पर लगाए आरोप
बिहारी दास के भतीजे प्रदीप सिंह ने गांव के सुमित पर हत्या का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का दावा है कि सुमित करीब एक महीने पहले जेल से बाहर आया था और वह साधुओं को मंदिर से हटाना चाहता था. आरोप है कि मंदिर के आसपास की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों साधुओं से उसका विवाद था. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- आयुष मलिक धर्मांतरणः हाईकोर्ट से लौटने के बाद आयुष लापता? पिता ने कारी सुल्तान पर लगाए गंभीर आरोप
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मंदिर के संरक्षक शिव कुमार सिंह ने मामले में तहरीर दी है. एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे के मुताबिक, पीआरवी को दो साधुओं के जलाए जाने की सूचना मिली थी. खुदागंज पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों शव बुरी तरह जले मिले. पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हत्या के कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है.

