शामली. चर्चित आयुष मलिक धर्मांतरण मामले में नया मोड़ सामने आया है. दवा कारोबारी देवराज मलिक ने अपने बेटे के दोस्त कारी सुल्तान और दारुल उलूम देवबंद के मुफ्ती अब्दुल्ला पर आयुष को हाईकोर्ट में पेशी के बाद अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. पिता का कहना है कि 16 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेशी के बाद से आयुष घर नहीं लौटा है. पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें- 2027 में कहां से चुनाव लड़ेंगी अपर्णा यादव? बोलीं- BJP जहां भेजेगी…
पिता ने लगाया दोबारा धर्म परिवर्तन का आरोप
देवराज मलिक का आरोप है कि कारी सुल्तान और मुफ्ती अब्दुल्ला ने उनके बेटे का दोबारा धर्म परिवर्तन करा दिया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों की ओर से परिवार पर धर्म बदलने और संपत्ति का हिस्सा देने का दबाव बनाया गया. पिता ने परिवार को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.
हाईकोर्ट में आयुष ने कही थी अपनी बात
16 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेश किए गए आयुष ने अदालत के सामने कहा था कि उसने 2014 में अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया था. उसने किसी दबाव, धमकी या लालच से धर्म परिवर्तन से इनकार किया था. आयुष ने चांदनी कुरैशी से शादी करने की इच्छा भी जताई थी. कोर्ट ने उसे अपनी पसंद के धर्म और रहने की जगह के संबंध में स्वतंत्रता दी थी.
पहले घर वापसी का वीडियो हुआ था वायरल
इससे पहले आयुष का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह घर के मंदिर में पूजा करता दिखा था. उसने वीडियो में अपनी मां की परेशानी का हवाला देते हुए अपनी इच्छा से हिंदू धर्म में लौटने की बात कही थी. इससे पहले चांदनी कुरैशी समेत कई लोगों के खिलाफ धर्मांतरण के आरोप में FIR दर्ज हुई थी. चांदनी और उनके पिता समेत कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी.
इसे भी पढ़ें- ‘भारत के सभी मुसलमान कन्वर्टेड हैं’, बाबा रामदेव बोले- राम-कृष्ण उनके भी पूर्वज
पुलिस बोली- शिकायत के तथ्यों पर जांच जारी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, आयुष के पिता की ओर से शिकायत मिली है और पहले दर्ज FIR में भी संबंधित तथ्यों को शामिल किया गया है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई कर रही है. इस पूरे मामले में आयुष के हाईकोर्ट में दिए बयान और वर्तमान में उनके पिता की ओर से लगाए गए आरोप अलग-अलग हैं. पुलिस जांच के बाद ही यह साफ होगा कि 16 सितंबर के बाद आयुष कहां है और उसके साथ क्या हुआ.

