शेख आरिफ, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम श्यार्दे में पिछले दो दिनों से चल रहा प्रदर्शन समाप्त हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट 782 करोड़ रुपये के वाटर प्लांट के लिए अधिग्रहित जमीन को खाली कराने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम के सामने पट्टे की जमीन और कब्जे के विरोध में BSNL के ऊंचे टावर चढ़ी महिला रामा बाई को प्रशासन ने समझाइश देकर सकुशल नीचे उतार लिया है। महिला के नीचे उतरते ही 32 घंटे से सांसे थामे खड़े प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।

ये भी पढ़ें: करोड़ों का ठेका, पहली बारिश में सफाया! उफनते पानी में बह गई नई पुलिया, धंस गई सड़क

क्या था पूरा विवाद? 782 करोड़ का प्रोजेक्ट और जमीन बेदखली का विरोध

यह पूरा मामला श्योपुर जिले के श्यार्दे गांव का है, जहां 377 गांवों की प्यास बुझाने के लिए 782 करोड़ रुपए की लागत से एक विशाल वाटर प्लांट का निर्माण किया जाना है। इस बेहद महत्वपूर्ण पेयजल परियोजना का शिलान्यास करीब 2 साल पहले स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

चिन्हित और अधिग्रहित की गई जमीन को मुक्त कराने भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम का विरोध करते हुए रामा बाई बेदखली से पहले ही BSNL के टावर के शिखर पर जा चढ़ी।

महिला का कहना था कि उसकी पट्टे की भूमि पर गांव के दबंगों का अवैध कब्जा है, जिसे खाली कराने में प्रशासन कोई मदद नहीं कर रहा। वहीं, जिस शासकीय भूमि पर उसका खुद का कब्जा है, उससे प्रशासन उसे जबरन बेदखल कर रहा है। इसी दोहरे रवैये से नाराज होकर वह टावर पर बैठ गई थी।

32 घंटे चला ड्रामा, फिलहाल बेदखली की कार्रवाई स्थगित

महिला लगातार दो दिनों से टावर के शिखर पर डटी रही, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा रहा। मौके पर डटे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की घंटों चली मान-मनौव्वल और लिखित-मौखिक आश्वासन के बाद आखिरकार 32 घंटे बाद महिला को नीचे उतारा जा सका।

ये भी पढ़ें: “शून्य” से “बिंदु” तक… मंडला में गूंजी कला की गूंज, रंगों से सराबोर हुआ ‘रजा स्मृति उत्सव’

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल बेदखली और कब्जा हटाने की कार्रवाई को स्थगित कर दिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पहले महिला की पट्टे की जमीन को दबंगों से खाली कराने का प्रयास किया जाएगा, जिसके बाद ही कोई आगे का प्रशासनिक कदम उठाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m