परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेंद्र यादव का पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर अजीबो-गरीब बयान सामने आया है। भाजपा की एक मासिक बैठक के दौरान विधायक ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया फॉलोअर्स का बाकायदा एक लक्ष्य तय कर दिया है।

जानिए किसको कितना मिला फॉलोअर्स का टारगेट

वीडियो में विधायक कहते नजर आ रहे हैं कि मंडल अध्यक्ष के कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने यहां तक कहा कि जिस मंडल अध्यक्ष के 25 हजार फॉलोअर्स वह ही मंडल अध्यक्ष कहलाने के लायक है ।

विधायक ने शक्ति केंद्र प्रभारी के लिए 5 हजार और बूथ अध्यक्ष के लिए 1 हजार फॉलोअर्स का लक्ष्य बताया। उन्होंने अगली बैठक में इसकी समीक्षा किए जाने की बात भी कही।

“मोदी जी के 100 मिलियन हो सकते हैं, तो हमारे क्यों नहीं?”

विधायक महेंद्र यादव ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स का उदाहरण देते हुए कहा कि जब मोदी जी के 100 मिलियन फॉलोअर्स हो सकते हैं, तो हमारे भी होने चाहिए।

अब भाजपा की मासिक बैठक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और विधायक के बयान को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सवाल यह उठ रहा है कि क्या अब भाजपा संगठन में पद की पात्रता और सक्रियता का एक पैमाना सोशल मीडिया फॉलोअर्स भी बनने जा रहे हैं?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m