परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत समोह गांव में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। जो कार्रवाई पुलिस और आबकारी विभाग को करनी चाहिए थी, उसे गांव की महिलाओं ने खुद अंजाम दिया। बाइक से शराब की सप्लाई करने पहुंचे तस्कर को महिलाओं ने पकड़कर खंभे से बांध दिया और बाइक पर लदी शराब की पेटियों को सड़क पर जलाकर राख कर दिया।
ये भी पढ़ें: नर्मदा किनारे सजा ‘कैसीनो’, नाव से पार होकर पहुंच रहे जुआरी; वायरल वीडियो से हड़कंप
घेराबंदी कर पकड़ा तस्कर, एक साथी मौका देखकर भागा
जानकारी के मुताबिक, दो तस्कर बाइक पर पेटियों में भरकर शराब की सप्लाई करने गांव पहुंचे थे। तभी सजग महिलाओं ने उनकी घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख एक तस्कर बाइक छोड़कर मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे तस्कर सुंदर राय को महिलाओं ने धर दबोचा। गुस्साई महिलाओं ने उसे रस्सी से खंभे से बांध दिया और बाइक से शराब की पेटियां उतारकर सड़क पर आग के हवाले कर दिया।
परचूनी दुकानों की आड़ में खुलेआम शराब का धंधा, युवा हो रहे बर्बाद
महिलाओं का गंभीर आरोप है कि समोह गांव में परचूनी (किराना) दुकानों की आड़ में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है और घर-घर सप्लाई दी जा रही है। इससे गांव का माहौल पूरी तरह बिगड़ रहा है और युवा नशे की लत में बर्बाद हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: काम से इंकार तो सेवा समाप्त! कलेक्टर का बड़ा एक्शन; 93 पटवारियों को अल्टीमेटम, 3 दिन में शुरू करना होगा काम
25 दिनों में 12वां प्रदर्शन: पुलिस और आबकारी पर उठे गंभीर सवाल
समोह गांव में पिछले 25 दिनों के भीतर अवैध शराब के खिलाफ यह 12वां प्रदर्शन है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार शिकायत की जाती है और हर बार हंगामा होता है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जब गांव की महिलाएं तस्करों को पकड़ सकती हैं, तो पुलिस और आबकारी विभाग को यह अवैध कारोबार क्यों नजर नहीं आ रहा?
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


