परवेज खान, शिवपुरी। एक तरफ जहां पूरा देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा था, वहीं मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से प्रशासनिक दावों और जमीनी विकास की पोल खोलती एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिले के नरवर क्षेत्र अंतर्गत आने वाले देहरेंटासानी गांव में स्कूली बच्चे तिरंगा फहराने के लिए दलदल और कीचड़ से भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हुए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें: तालियां बजाईं, पर साफ ग्राउंड नहीं दे सके! नर्मदापुरम के ‘कीचड़ कांड’ पर सवालों से भागे मंत्री विश्वास सारंग
बदहाल रास्ते से होकर गुजरे नौनिहाल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छोटे-छोटे मासूम बच्चे हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे बेहद खराब और दलदल में तब्दील हो चुके रास्ते को पार कर स्कूल पहुँच रहे हैं:
सालों से बदहाल सड़क: ग्रामीणों के अनुसार, गांव से स्कूल तक जाने वाला यह मार्ग पिछले कई सालों से पूरी तरह बदहाल है। बारिश के दिनों में यहाँ चलना दूभर हो जाता है।
अनसुनी रहीं शिकायतें: ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत सरपंच और सचिव से सड़क निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। आलम यह रहा कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर भी बच्चों को इसी कीचड़ और दलदल से होकर स्कूल जाना पड़ा।
ये भी पढ़ें: 9 बजे तक बंद मिला स्कूल तो बच्चों ने बनाया VIDEO! सवाल पूछने पर ग्रामीणों को मिली FIR की धमकी
ग्रामीणों ने कलेक्टर से की सड़क दुरुस्त कराने की मांग
स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के इस तरह कीचड़ से गुजरने का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब क्षेत्र में चर्चा और जन-आक्रोश का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने शिवपुरी कलेक्टर से इस गंभीर मामले पर तुरंत संज्ञान लेने और बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए स्कूल मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


