परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सियासत तेज हो गई है। वहीं अब शराब से जिस तरह परिवार खत्म हो रहे हैं, उन्हें रोकने के लिए महिलाओं ने भी कमान संभाल ली है। इससे जुड़ी कई तसवीरें अलग-अलग जगहों से सामने आई हैं। ऐसा ही कुछ शिवपुरी में हुआ जब महिलाओं का आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि उन्होंने शराब दुकान में घुसकर बोतलों को आग के हवाले कर दिया।

पिछोर के बाद अब अमोला क्षेत्र में महिलाओं ने शराब बिक्री के विरोध में मोर्चा खोल दिया। अमोला थाना क्षेत्र के नया अमोला में मंगलवार को करीब 60 से 70 महिलाएं एकजुट होकर शराब दुकान पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने प्रदर्शन के दौरान दुकान में रखी शराब की बोतलों को बाहर निकालकर फेंकने के बाद उनमें आग लगा दी। 

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आक्रोशित महिलाओं का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। भारी संख्या में महिलाएं शराब दुकान में घुसीं और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने डंडे से सभी बोतलें तोड़ दी और उसमें आग लगा दी। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m