राकेश चतुर्वेदी/ शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाने का मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोसमी पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और पूरे मामले पर कड़ा आक्रोश जताया। गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ने, उनकी फसलें नष्ट होने और पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

मौके पर वन विभाग और प्रशासन के किसी भी बड़े अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर भी शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई। उन्होंने घटनास्थल से ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर गरीब परिवारों के घर तोड़े जाने की जानकारी दी।

इस मामले में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे। शिवराज सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उनके लिए नए घर बनवाए जाएंगे। साथ ही, जब तक उनके रहने की स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उनके रहने और खाने-पीने की अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

इस कार्रवाई में केवल घर ही नहीं टूटे, बल्कि पीड़ित परिवारों की आजीविका पर भी चोट पहुंची है। मक्के और तुअर की फसलें पूरी तरह नष्ट किए जाने और सिंचाई और पीने के पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को भी मिट्टी से भर दिए जाने पर शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा विरोध जताया। गरीब परिवारों के सामने घर, भोजन और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा होने के बीच उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। शिवराज सिंह चौहान के तेवरों से साफ है कि गरीब परिवारों के घर उजाड़ने के इस मामले को वो गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आवास और तत्काल राहत दिलाने का भरोसा दिया है।

कुछ अधिकारियों की कार्रवाई से पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश 

मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये जो अन्याय है, उसकी जानकारी मुख्यमंत्री महोदय को देना है। सिसकती हुई इनकी सिसकियां, इनकी आंखों के आंसू, इनके कुचले हुए खेत, उनका चौपट किया हुआ भविष्य, सब मुख्यमंत्री को मैं बताऊंगा। यह तो मुख्यमंत्री को भी बदनाम करने की साजिश लगती है।

अच्छा ये वो लोग हैं जो हमेशा बीजेपी को ही वोट देते हैं। इन्होंने लोकसभा में भी वोट दिए और विधानसभा में भी दिए। यह तो पार्टी को भी बदनाम करने की कुछ अधिकारियों की साजिश है। इन्हीं के वोट से हम लोग जीतते हैं और इन्हीं के वोट से मोहन जी मुख्यमंत्री बने। यह सचमुच में मेरे लिए बहुत दुखद है।मैंने निवेदन किया था कि बरसों से जमीन पर कब्जे हैं इनके, इसलिए इनको तंग ना किया जाए।

आदिवासियों के हक में धरने पर बैठे

मुकेश मेहता, बुधनी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद समर्थन में धरने पर बैठ गए। शिवराज सिंह चौहान ने दो टूक कहा— गरीब परिवारों को बेघर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। घरों के साथ फसलें नष्ट होने और पानी के कुएं को मिट्टी से भरने पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m